
दुर्घटना का वीडियो आया सामने; भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए – नगरोटा बगवां के 34 वर्षीय पायलट नमन स्याल की शहादत की पुष्टि
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के लिए शुक्रवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। दुबई में आयोजित एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के तेजस विमान के क्रैश होने से कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां के पायलट स्क्वाड्रन लीडर नमन स्याल शहीद हो गए। हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिजन के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।


हादसे का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेजस विमान आसमान में उड़ान भरते हुए अचानक तेज़ी से नीचे आता है और गिरते ही जोरदार धमाके के साथ आग की लपटों में घिर जाता है। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग हादसे को देखकर दहशत में चिल्लाते दिखाई देते हैं।
नगरोटा बगवां के एसडीएम मुनीश शर्मा ने नमन स्याल की शहादत की पुष्टि की है। 34 वर्षीय नमन स्याल कांगड़ा जिले की पटियालकर पंचायत के पड़यालकड़ वार्ड-7 के रहने वाले थे। उनके पिता जगन्नाथ स्याल भारतीय सेना में अफसर रहकर रिटायर हुए थे और बाद में शिक्षा विभाग में प्रिंसिपल के पद से सेवानिवृत्त हुए। नमन की पत्नी भी भारतीय वायुसेना में पायलट हैं। शहीद के परिवार में एक छोटी बेटी भी है।
हादसे के समय नमन स्याल के माता-पिता हैदराबाद में घूमने गए हुए थे, वहीं उन्हें बेटे की शहादत की खबर मिली, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया।
भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं। उधर, नगरोटा बगवां सहित पूरे कांगड़ा जिले में शोक और स्तब्धता का माहौल है।




