
गवर्नर की मंज़ूरी से जारी अधिसूचना में 5 अधिकारियों के ट्रांसफर आदेशों में संशोधन; सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सहित कई अहम पदों पर नई तैनातियाँ
IBEX NEWS,शिमला
शिमला, 24 नवंबर 2025 — हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के ट्रांसफर आदेशों में संशोधन किया है। सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार कुछ अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जबकि पूर्व में जारी कई ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिए गए हैं। यह सभी आदेश गवर्नर की मंज़ूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।


अधिसूचना के अनुसार, एएसपी चंबा हितेश लखनपाल को कमांडेंट, 12वीं होमगार्ड बटालियन ऊना लगाया गया है। वहीं प्रमोद चौहान को पुलिस मुख्यालय शिमला से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (लीव रिज़र्व), सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो शिमला भेजा गया है।
सरकार द्वारा महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए एएसपी योगेश दत्त, डॉ. प्रतिभा चौहान और संजय शर्मा के ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा, एएसपी शेर सिंह-II और योग राज के ट्रांसफर रद्द करने संबंधी आदेश भी वापस ले लिए गए हैं, और उनके पूर्व के आदेश 5 नवंबर 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार ही लागू माने जाएंगे।
सरकार का कहना है कि यह निर्णय “जनहित” को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।




