
सदर थाना क्षेत्र के सेर मौहीं गांव में घटना; महिला ने हाथ-पैर टेप से बांधे, पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या माना
IBEX NEWS,शिमला
हमीरपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के सेर मौहीं गांव में मंगलवार सुबह एक 62 वर्षीय महिला का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शकुंतला देवी पत्नी सीताराम निवासी गांव सेर, डाकघर मौहीं के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार महिला सोमवार शाम करीब 4 बजे घर से बाहर चली गई थी। शाम करीब 7 बजे उसने अपने पति को फोन कर कीटनाशक पीने की जानकारी दी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। मंगलवार सुबह महिला घर के नज़दीक खेत में मृत पाई गई।
जांच में सामने आया है कि महिला ने कीटनाशक सेवन के दौरान होने वाली छटपटाहट से बचने के लिए अपने हाथ-पैर टेप से बांध लिए थे। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर किसी प्रकार का बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है। मौके से उसका मोबाइल फोन और कान की बालियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम, डीएसपी (एलआर) हरीश गुलरिया और एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। तीन साल पहले महिला के रिश्तेदारी में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसके बाद अब इस मामले में भी वही तरीका अपनाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला है और आगे जांच जारी है।




