
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित रिवालसर में आगामी छेचू मेले के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। जगंछुब ञिमा रिनपोछे (खुनू रिनपोछे) ने इस वर्ष 23 से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले पारंपरिक छेचू रिवालसर मेले में पधारने की स्वीकृति दे दी है।
खुनू रिनपोछे का आगमन इस मेले को और भी विशेष, शुभ और ऐतिहासिक बनाएगा। उनकी उपस्थिति में हिमाचल, लद्दाख, किन्नौर, स्पीति और अन्य हिमालयी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को रिनपोछे के धर्मदेशनों और पवित्र दर्शन का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा।


इस संबंध में जानकारी देते हुए ञिगंमा गोन्पा रिवालसर के अध्यक्ष रमेश फारका ने बताया कि रिनपोछे के पावन दर्शन का सौभाग्य हाल ही में दोची (सोलन) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर रिनपोछे से इस वर्ष आयोजित होने वाले पारंपरिक छेचू रिवालसर मेले में पधारने का आग्रह किया गया, जिसे उन्होंने विनम्रतापूर्वक स्वीकार कर लिया।
रमेश फारका ने बताया कि रिनपोछे की उपस्थिति से मेले का महत्व और भी बढ़ जाएगा और यह आयोजन हिमालयी समुदाय के लिए अत्यंत सुखद समाचार है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान रिनपोछे के धर्मदेशनों और पवित्र दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति प्राप्त होगी।




