
RDA प्रेसिडेंट डॉ. सोहेल शर्मा ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की, निष्पक्ष जांच और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नई गाइडलाइंस का आश्वासन मिला है ।आज सामूहिक हड़ताल पर पूरे प्रदेश के डॉक्टर है ।
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के आईजीएमसी शिमला में हुए विवाद को लेकर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (RDA) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. सोहेल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले में दोबारा जांच कराने का आश्वासन दिया है।
डॉ. सोहेल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पल्मोनरी विभाग के बाहर हुई भीड़बाजी और हंगामे के मामले में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर नई गाइडलाइंस दोबारा जारी की जाएंगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान एसोसिएशन की ओर से प्रस्तुत वीडियो क्लिप्स और अन्य साक्ष्यों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
हड़ताल को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. सोहेल शर्मा ने कहा कि इस संबंध में ज्वाइंट एक्शन कमेटी में चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि आज ही जनरल हाउस की बैठक बुलाई गई है, जिसके बाद आगे की रणनीति पर निर्णय लेकर जानकारी साझा की जाएगी।
डॉ. सोहेल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समय निकालकर उनकी बात सुनी और डॉक्टरों की चिंताओं को गंभीरता से लिया, जो एक सकारात्मक संकेत है।




