
IAS व HPAS अधिकारियों के तबादले, कई को सौंपी गईं नई व अतिरिक्त जिम्मेदारियाँ
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से IAS तथा HPAS अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले व नियुक्तियाँ की हैं। राज्यपाल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और इन्हें जनहित में लिया गया निर्णय बताया गया है।
जारी आदेशों के तहत विभिन्न विभागों, मंडलों, जिलों और सरकारी उपक्रमों में कार्यरत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के माध्यम से सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में तेजी लाना और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना बताया गया है।जारी अधिसूचना के अनुसार IAS अधिकारी ए. शाइनामोल को प्रशासनिक सुधार, प्रशिक्षण एवं एफए व आरपीजी विभाग की सचिव के रूप में तैनात करते हुए उन्हें शिमला मंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कांगड़ा मंडल के आयुक्त विनोद कुमार को तकनीकी शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि वे कांगड़ा मंडलायुक्त का अतिरिक्त दायित्व निभाते रहेंगे।
हमीरपुर के उपायुक्त अमरजीत सिंह को सहकारिता विभाग का सचिव बनाया गया है। गंधर्वा राठौर को कार्मिक विभाग में विशेष सचिव नियुक्त करते हुए हमीरपुर का उपायुक्त लगाया गया है। दलीप कुमार नेगी को राज्य कर एवं आबकारी विभाग का विशेष सचिव तथा उद्योग एवं गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं दिव्यांशु सिंगल को हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा HPAS अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। राजीव कुमार को कार्मिक विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कुलबीर सिंह राणा को राहत एवं पुनर्वास के उपायुक्त के रूप में तैनात किया गया है। संजीत शर्मा को थुनाग का एसडीएम, सुमेध शर्मा को संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तथा गणेश ठाकुर को पालमपुर नगर निगम में संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस फैसले से राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बेहतर समन्वय और निर्णय प्रक्रिया को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






