
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दी मंज़ूरी, 31 अगस्त 2028 तक संभालेंगे जिम्मेदारी
IBEX NEWS,शिमला
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश अग्रवाल (1994 बैच, हिमाचल प्रदेश कैडर) को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। इस संबंध में आदेश कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) द्वारा जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार, गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए श्री अग्रवाल की नियुक्ति वेतन मैट्रिक्स स्तर-16 में की गई है। वे पद का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से 31 अगस्त 2028, यानी अपनी सेवानिवृत्ति की तिथि तक अथवा अगले आदेश तक—जो भी पहले हो—इस पद पर बने रहेंगे।
वर्तमान में श्री राकेश अग्रवाल एनआईए में विशेष महानिदेशक (एसडीजी) के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास आतंकवाद विरोधी अभियानों, राष्ट्रीय सुरक्षा और जटिल मामलों की जांच का व्यापक अनुभव है। उनकी नियुक्ति से एजेंसी की कार्यकुशलता और रणनीतिक क्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।




