
IBEX NEWS,शिमला।
हिमाचल प्रदेश में विंटर सीजन ने आखिरकार दस्तक दे दी है। शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले क्षेत्रों में व्यापक बारिश हुई। शिमला समेत कई स्थानों पर तेज अंधड़ भी चला। करीब साढ़े तीन महीनों के लंबे सूखे के बाद हुई इस बर्फबारी और बारिश ने किसानों व बागवानों को बड़ी राहत दी है।



देर रात से प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर हिमपात और निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। शिमला और मनाली सहित अधिकांश क्षेत्रों में इस सर्दी का पहला हिमपात देखने को मिला। बर्फबारी की खबर मिलते ही शिमला में पर्यटक सुबह-सवेरे अंधेरे में ही सड़कों पर उतर आए और बर्फ से खेलते नजर आए, जिससे शहर में सर्द मौसम के बीच उत्साह का माहौल बन गया।


ताजा बर्फबारी के चलते ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। चौपाल–देहा सड़क बंद कर दी गई है, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। ढली से कुफरी सड़क पर फिसलन बढ़ने से यातायात जोखिमपूर्ण हो गया है। जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कुल्लू और लाहौल–स्पीति की अधिक ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अधिक ऊंचे इलाकों की यात्रा से फिलहाल परहेज करने की सलाह दी गई है।




