
IBEX NEWS,शिमला
शोघी बैरियर पर चिट्टा तस्करी के गंभीर मामले में संलिप्त पाए जाने पर शिमला ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्टेबल राहुल कुमार को पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर तत्काल प्रभाव से सेवाओं से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस ने राहुल कुमार, गौरव और विकास के कब्जे से कुल 9.480 ग्राम चिट्टा बरामद किया था, जिसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस बल में कार्यरत किसी भी कर्मी का इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त होना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पूरे विभाग की छवि धूमिल होती है। बल में अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत यह कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस मुख्यालय ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि चिट्टा तस्करों और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस में कोई स्थान नहीं है। वहीं, शिमला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधीन तैनात कर्मी के इस मामले में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस मुख्यालय ने कड़ी नाराजगी भी जताई है।
गौरतलब है कि प्रदेश पुलिस द्वारा चिट्टा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, बावजूद इसके शिमला जिला में एक के बाद एक पुलिस कर्मियों के इस अवैध धंधे में पकड़े जाने से विभाग की साख को गहरा आघात पहुंचा है। इससे पहले भी शिमला जिले में चार पुलिस कर्मचारी चिट्टा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।
शिमला पुलिस विभिन्न सरकारी विभागों में तैनात कुल 28 कर्मचारियों को अब तक चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है और इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए सूची प्रदेश सरकार को सौंपी जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगी।




