
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन में अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि अब पार्टी नीति के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा है कि पार्टी या सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयानों को गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और ऐसे मामलों में बिना किसी पूर्व चेतावनी के तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशों के तहत जारी पत्र में प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ मंत्रियों, विधायकों और बोर्ड-निगमों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन द्वारा दिए गए बयान पार्टी की घोषित नीति के विपरीत रहे हैं। इन बयानों से न केवल संगठन बल्कि राज्य सरकार की साख को भी नुकसान पहुंचा है। AICC ने इस अनुशासनहीनता पर कड़ा संज्ञान लेते हुए केंद्रीय नेतृत्व की गहरी नाराजगी जताई है और प्रदेश इकाई को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
विनय कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अब कोई भी मंत्री या विधायक सरकार या पार्टी के किसी नेता के खिलाफ सार्वजनिक मंच से टिप्पणी नहीं करेगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी और किसी भी तरह की सफाई या स्पष्टीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि यह सख्त संदेश हाल ही में लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान के बाद सामने आया है, जिसे संगठन ने गंभीरता से लिया है।




