
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस सेवा में अहम प्रशासनिक फैसले लेते हुए कई आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति और वेतन लाभ दिया है। सरकार की ओर से जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के अनुसार 2012 बैच के छह आईपीएस अधिकारियों को उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है, जबकि 2008 बैच के तीन अधिकारियों को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर पदोन्नति दी गई है।

प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा जारी आदेशों के मुताबिक 2012 बैच के छह आईपीएस अधिकारियों को स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया है। इस पदोन्नति को राज्यपाल की मंजूरी मिली है और यह आदेश एक जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। पदोन्नत अधिकारियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-13ए के तहत 1,31,100 रुपये से 2,16,600 रुपये तक का वेतन मिलेगा।
इनमें हिमाचल कैडर की 2012 बैच की आईपीएस अधिकारी शालिनी अग्निहोत्री, जो वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, को प्रोफार्मा आधार पर डीआईजी पद पर पदोन्नति दी गई है। वहीं, पांच अधिकारियों को नियमित आधार पर पदोन्नति मिली है। इनमें साइबर क्राइम शिमला के पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी, द्वितीय आईआरबीएन सकोह (कांगड़ा) के कमांडेंट डॉ. खुशाल चंद शर्मा, शिमला के एसएसपी संजीव कुमार गांधी, पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी (लीव रिजर्व) के पद पर तैनात डॉ. रमेश चंद्र छाजटा और चतुर्थ आईआरबीएन जंगलबेरी के कमांडेंट डॉ. दिवाकर शर्मा शामिल हैं।
इसके अलावा सरकार ने 2008 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों एस अरुल कुमार, जी शिवकुमार और डीके चौधरी को पदोन्नत कर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया है। इनमें एस अरुल कुमार और जी शिवकुमार फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं, जबकि डीके चौधरी पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज दरोह में प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं।




