
13 वर्षीय पीयूष का शव बरामद, 19 वर्षीय विकसित की तलाश जारी
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित प्रसिद्ध भरमाणी माता मंदिर के ऊपर बर्फ से ढकी पहाड़ियों पर लापता हुए दो भाइयों में से एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू टीम ने 13 वर्षीय पीयूष कुमार का पार्थिव शरीर भारी बर्फ के नीचे से निकाला। वहीं, उसके 19 वर्षीय बड़े भाई विकसित राणा की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार की सुबह मलकौता निवासी विकसित राणा (19) और उसका 13 वर्षीय ममेरा भाई पीयूष कुमार (निवासी घरेड़) भरमाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दोनों युवक पहाड़ियों के ऊंचे हिस्से की ओर चले गए, जहां हालिया बर्फबारी के कारण रास्ता अत्यंत फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण था। इसी दौरान दोनों का संपर्क टूट गया और वे लापता हो गए।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने पुलिस, पर्वतारोहियों की विशेष टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शून्य से नीचे तापमान और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जमीनी स्तर पर लगातार तलाश की गई। पैदल पहुंच संभव न होने पर ड्रोन की सहायता ली गई, हालांकि घना कोहरा और खराब मौसम अभियान में बाधा बना। तीसरे दिन भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से भी हवाई सर्वे किया गया।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. जनक राज ने सोमवार सुबह पीयूष कुमार का शव बरामद होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भारी बर्फ के बीच शव को बाहर निकालना रेस्क्यू टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
फिलहाल 19 वर्षीय विकसित राणा की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है। रेस्क्यू टीमें हर संभव प्रयास कर रही हैं, लेकिन क्षेत्र में कई फीट तक जमी बर्फ और लगातार बदलता मौसम अभियान को कठिन बना रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।




