
IBEX NEWS,शिमला
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज रिकांगपिओ में 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क एवं पार्किंग स्थल का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय जिला पुस्तकालय तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस आवास भवन का भी उद्घाटन किया।


इस अवसर पर मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों के संतुलित और चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने रिकांगपिओ शहरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन देते हुए कहा कि लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


उन्होंने बताया कि नई पार्किंग सुविधा के निर्माण से शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और लोगों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, पुस्तकालय और पुलिस आवास भवन जैसे विकास कार्यों से शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, उप-मंडलाधिकारी अमित कलथाईक, एपीएमसी शिमला-किन्नौर के निदेशक उमेश नेगी, पंचायत समिति की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्षा कुमारी सरोज नेगी, अधिवक्ता प्रताप नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




