
IBEX NEWS,शिमला।
जिला पुलिस शिमला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुई एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना संजौली में मुकदमा संख्या 12/2026 दिनांक 15.02.2026 को धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता, निवासी तहसील अर्की, जिला सोलन (हि.प्र.), ने बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री 13 फरवरी 2026 को बिना बताए घर से चली गई थी।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। जांच में पाया गया कि लड़की स्वयं घर से गई थी। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के साथ सौहार्दपूर्ण और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखें, उनकी भावनाओं और समस्याओं को गंभीरता से समझें। बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें तथा उनके मित्र-मंडल और दिनचर्या पर संवेदनशील निगरानी रखें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या गलत संगति की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
— जिला पुलिस शिमला




