
468 ग्राम चिट्टे की बरामदगी वाले केस में वांछित प्रदीप उर्फ रांटा गिरफ्तार, 57 आरोपी पहले ही दबोचे जा चुके
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला के कोटखाई में बहुचर्चित “शाही महात्मा केस” में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे गैंग के मुख्य सप्लायर प्रदीप कुमार उर्फ रांटा (38) को 19 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी रोहड़ू क्षेत्र का निवासी है और गैंग के सरगना शाही महात्मा का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
मामला अभियोग संख्या 50/24 (दिनांक 19.09.2024) से जुड़ा है, जो पुलिस थाना कोटखाई में धारा 21, 27A, 29 NDPS Act तथा धारा 111 BNS के तहत दर्ज है। इसी केस में 19 सितंबर 2024 को आरोपी मुद्दसीर अहमद मोची से 468.380 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। जांच के दौरान अब तक कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें गैंग का मुख्य सरगना शाही महात्मा भी शामिल है।

बाहरी राज्यों से सप्लाई, रोहड़ू में नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदीप उर्फ रांटा बाहरी राज्यों से चिट्टा लाकर शाही महात्मा के साथ मिलकर रोहड़ू क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार गैंग का नेटवर्क 500 से अधिक नशा सेवन करने वाले लोगों तक फैला हुआ था, जिससे इलाके में नशे का जाल गहराता जा रहा था।
डेढ़ साल से फरार था आरोपी
मुद्दसीर अहमद की गिरफ्तारी के बाद प्रदीप कुमार, शाही महात्मा के साथ फरार हो गया था। बाद में शाही महात्मा की गिरफ्तारी के समय भी प्रदीप पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था और तब से करीब 1.5 साल से फरार चल रहा था।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली कामयाबी
19 फरवरी 2026 को कोटखाई थाना और ठियोग सब-डिवीजन की विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी और पुख्ता साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। मामले की जांच जारी है और गैंग से जुड़े अन्य कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
जिला पुलिस ने इसे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताते हुए साफ किया है कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




