
डोई गॉड नाले के पास ऑल्टो सवार पर हुआ हमला; पुलिस ने रात भर की छापेमारी के बाद आरोपी को दबोचा
IBEX NEWS,शिमला
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत झाकड़ी में उधारी के पैसे मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे वापस करने के बजाय आरोपी ने सरेआम आग्नेयास्त्र (बंदूक) से गोली चला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश डोगरा निवासी कोटी, अपने साथियों अनिल, सुमित और पियूष के साथ ऑल्टो कार में शनेरी से घर लौट रहे थे। राजेश ने आरोपी सुरेश कुमार शर्मा (निवासी फुंजा) से अपने उधार दिए हुए पैसे मांगे थे। इसी बात को लेकर डोई गॉड (नाला) के पास दोनों पक्षों में तीखी बहस और हाथापाई हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरेश कुमार ने अपनी गाड़ी से हथियार निकाला और राजेश पर फायर झोंक दिया। गोली कार की पिछली खिड़की का शीशा तोड़ते हुए निकल गई। इस हमले में शीशे का एक टुकड़ा शिकायतकर्ता को लगा, जिससे वह घायल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झाकड़ी पुलिस ने एफआईआर संख्या 15/2026 दर्ज कर रात में ही जाल बिछाया और आरोपी सुरेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 351(2) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए SFSL जुन्गा की फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अब उस हथियार की तलाश कर रही है जिससे गोली चलाई गई थी।




