
IBEX NEWS,शिमला।
अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए जिला पुलिस शिमला ने कुख्यात तस्कर विजय बिहारी उर्फ डेविड को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पंजाब से हाल ही में गिरफ्तार किए गए इस मुख्य सरगना को अब थाना रामपुर में दर्ज एनडीपीएस मामले की जांच के लिए कस्टडी ट्रांसफर कर लाया गया है।
थाना रामपुर में दर्ज प्राथमिकी संख्या 10/26 (धारा 21, 29 NDPS Act, दिनांक 07-02-2026) में एक वाहन से 9.26 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपी—
- युगल किशोर (35), निवासी ननखड़ी, जिला शिमला
- नरेश (23), निवासी शानान, जिला शिमला
पुलिस रिमांड के दौरान मोबाइल CDR, बैंक लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए “डेविड” से संपर्क कर चिट्टा खरीदा था। जांच में सामने आया कि विजय बिहारी उर्फ डेविड अंतरराज्यीय स्तर पर चिट्टा सप्लाई नेटवर्क संचालित कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि आरोपी पूर्व में थाना ठियोग के एक अन्य एनडीपीएस मामले में न्यायिक हिरासत में था। माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे रामपुर लाया गया है।
फिलहाल 3 दिन की पुलिस रिमांड के दौरान डेविड से गहन पूछताछ जारी है, जिसमें सप्लाई चेन, नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस पूछताछ से अंतरराज्यीय नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।




