
31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन, 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

IBEX NEWS,शिमला।
हिमाचल प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। Himachal Pradesh Home Guards, Civil Defence, Fire and SDRF Department ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के 700 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01/2026 के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 31 मार्च 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पदों का वर्गवार ब्योरा
कुल 700 पदों में से 358 पद सामान्य ड्यूटी (पुरुष), 167 पद सामान्य ड्यूटी (महिला), 74 पद बैंडमैन, 76 पद चालक (ड्राइवर) तथा 25 पद तकनीकी ट्रेड्समैन (इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, फार्मासिस्ट, कारपेंटर, टेलर, स्टेनो, आर्मरर) के लिए निर्धारित किए गए हैं। भर्ती जिला/बटालियन स्तर पर की जाएगी और अभ्यर्थियों को अपने संबंधित जिले के लिए ही आवेदन करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
सामान्य ड्यूटी के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 निर्धारित की गई है, जबकि तकनीकी पदों के लिए न्यूनतम मैट्रिक के साथ संबंधित आईटीआई प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। आयु सीमा 18 से 50 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना चयन वर्ष की 1 जनवरी के आधार पर होगी।
अग्निपथ योजना के तहत सेवा दे चुके अग्निवीर भी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने पर आवेदन के पात्र होंगे।

शारीरिक मानदंड
पुरुष सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम लंबाई 5 फीट 6 इंच तथा सीना 31-32 इंच निर्धारित है। अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए लंबाई में छूट दी गई है। महिला अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग में न्यूनतम लंबाई 5 फीट 2 इंच तय की गई है।
दो चरणों में होगी शारीरिक परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया में पहले शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और उसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की जाएगी।
- पुरुष सामान्य ड्यूटी अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ 5 मिनट 30 सेकंड में, 100 मीटर दौड़ 14 सेकंड में, 135 सेमी हाई जंप और 4 मीटर लंबी कूद पूरी करनी होगी।
- महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 मीटर दौड़ 3 मिनट 50 सेकंड में और 100 मीटर दौड़ 18 सेकंड में निर्धारित है।
तकनीकी पदों के लिए शारीरिक मानक में आंशिक छूट दी गई है। किसी भी इवेंट में असफल होने पर अभ्यर्थी को बाहर कर दिया जाएगा। परीक्षा की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।
मेरिट का आधार
अंतिम चयन स्टेज-III में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। शैक्षणिक योग्यता, एनसीसी प्रमाणपत्र, एनएसएस/भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, खेल उपलब्धियां, ड्राइविंग अनुभव (चालक पद हेतु), आईटीआई योग्यता (तकनीकी पद हेतु) तथा 50 अंकों की लिखित परीक्षा को मेरिट में शामिल किया जाएगा।
समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
मानदेय और प्रशिक्षण
चयनित अभ्यर्थियों को 45 दिन का बेसिक प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। ड्यूटी पर बुलाए जाने पर वर्तमान में 977 रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय दिया जाएगा।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट himachal.nic.in/homeguard तथा भर्ती पोर्टल hgv.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के युवाओं को सुरक्षा सेवाओं से जुड़ने और समाज सेवा का अवसर प्रदान करेगी।




