
जुब्बल से रोहड़ू तक चला सर्च ऑपरेशन, सीसीटीवी खंगालकर परिवार को सौंपा सुरक्षित
IBEX NEWS,शिमला, 2 मार्च 2026। जिला पुलिस शिमला ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए मात्र चार घंटे के भीतर दो लापता नेपाली नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 2 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे प्रधान ग्राम पंचायत कोट काईना दो अन्य नेपाली व्यक्तियों के साथ थाना जुब्बल पहुंचे और सूचना दी कि दो नाबालिग लड़कियां बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
सूचना मिलते ही थाना जुब्बल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सरस्वती नगर और चेक पोस्ट खड़ापत्थर को अलर्ट कर दिया। एएसआई अशोक कुमार अपने हमराही आरक्षी तथा परिजनों के साथ संभावित स्थानों पर तलाश के लिए रवाना हुए। जुब्बल, हाटकोटी और रोहड़ू क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप सूचना मिलने के मात्र चार घंटे के भीतर दोनों नाबालिग लड़कियों को रोहड़ू क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को सुरक्षित उनके परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला पुलिस शिमला ने दोहराया है कि वह आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करती है।




