
जुब्बल के दोची गांव में मिला नेपाली मूल के युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच — पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
IBEX NEWS,शिमला:
जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में होली के बाद एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 मार्च 2026 को कुलदीप निवासी तहसील जुब्बल ने थाना जुब्बल में सूचना दी कि गांव दोची में मुख्य सड़क के किनारे एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीपी सरस्वती नगर के प्रभारी को भी मौके की तस्दीक के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान चंद्र बहादुर पुत्र दल बहादुर, निवासी नेपाल (Village Mihana), हाल निवासी दोची, तहसील जुब्बल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक स्थानीय निवासी दीपेंद्र के पास काम करता था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक ने होली के दिन शराब का सेवन किया था और दिन-भर नशे की हालत में था। बताया गया कि उसने रात को भी ठेके से शराब की बोतल खरीदी थी।
पुलिस व डॉक्टरों द्वारा मृतक के शरीर का निरीक्षण करने पर कोई भी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अत्यधिक शराब सेवन या गिरने से होना माना जा रहा है।
मृतक के शव को सीएच जुब्बल ले जाकर मेडिकल ऑफिसर से निरीक्षण करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी शरीर पर किसी तरह की चोट नहीं होने की पुष्टि की।
मृतक के परिजन फिलहाल चंडीगढ़ में रहते हैं और उन्होंने उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाने की बात कही है। ऐसे में मृतक का पोस्टमार्टम शुक्रवार को सीएच जुब्बल में कराया जाएगा।
पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।




