
IBEX NEWS,शिमला, 3 मार्च 2026। जिला पुलिस शिमला ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस थाना देहा क्षेत्र में 5.52 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के मामले में सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को पुलिस थाना देहा की टीम ने गश्त के दौरान रोहित (25) पुत्र श्री मंगत राम, निवासी गांव पालुआ, डाकघर चनैर, तहसील ठियोग, जिला शिमला को 5.52 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना देहा में मुकदमा संख्या 08/26, दिनांक 28 फरवरी 2026 को धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गहन जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 2 मार्च 2026 को नशे की खेप के सप्लायर अजय चौहान (37) पुत्र स्वर्गीय श्री प्रकाश चंद, निवासी गांव धारकालना, डाकघर देवठी, तहसील ठियोग, जिला शिमला को धारा 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
जिला पुलिस शिमला ने दोहराया है कि वह नशे के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




