
शिमला पुलिस की बड़ी सफलता: रेकी कर आधी रात को काटी थीं बिजली की तारें, फरार होने की फिराक में थे आरोपी
IBEX NEWS,शिमला, 09 मार्च: जिला पुलिस शिमला ने वीआईपी इलाके लोक भवन और मंत्री आवास के समीप स्थित बिजली विभाग के पावर स्टेशन से तारें चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रंजीत उर्फ डैनी, सोनू सहानी (29) और अजय सहानी (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला दरभंगा, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में शिमला के खलीनी क्षेत्र में रह रहे थे।
पूरा घटनाक्रम और पुलिस की कार्रवाई
बिजली विभाग ने 1 मार्च 2026 को छोटा शिमला थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पावर स्टेशन से भारी मात्रा में तारें चोरी हो गई हैं। पुलिस ने तुरंत मुकदमा संख्या 22/2026 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया। अन्वेषण के दौरान पुलिस ने शहर की कबाड़ की दुकानों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी।
सख्ती से पूछताछ में टूटा मुख्य आरोपी
संदेह के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले रंजीत उर्फ डैनी को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने ठोस साक्ष्य जुटाए और उसकी गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से चोरी की गई तांबे की तारें बरामद हुईं। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 6 मार्च को रंजीत को गिरफ्तार कर लिया।
कैथलीघाट के पास फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी
पूछताछ के दौरान रंजीत ने अपने दो साथियों, सोनू और अजय के नामों का खुलासा किया। पुलिस की भनक लगते ही दोनों आरोपी अंडरग्राउंड हो गए थे। लेकिन रविवार को जैसे ही उन्होंने शिमला से भागने की कोशिश की, पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर उन्हें कैथलीघाट के पास दिल्ली की ओर भागते हुए दबोच लिया।
रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी से पहले संबंधित क्षेत्र की बाकायदा रेकी की थी। 28 फरवरी की मध्यरात्रि को उन्होंने तारों को काटकर जंगल के रास्तों से मुख्य सड़क तक पहुँचाया, जहाँ से गाड़ी के जरिए माल ठिकाने लगाया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह गिरोह शहर की अन्य चोरियों में भी शामिल रहा है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से आग्रह किया है कि यदि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अज्ञात व्यक्तियों को घूमते हुए देखते हैं, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।




