
41 दिनों में 29 संगठित नशा तस्कर भेजे जा चुके हैं जेल, “जीरो टॉलरेंस” नीति पर सख्त कार्रवाई
IBEX NEWS,शिमला/रोहड़ू।
जिला पुलिस शिमला ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन मादक पदार्थ तस्कर को PIT NDPS Act के अंतर्गत निरुद्ध कर तीन माह के लिए जिला जेल शिमला भेज दिया है।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी डिटेंशन ऑर्डर की अनुपालना में पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने 09 मार्च 2026 को अंकेश ठाकुर (39) पुत्र सुरजन सिंह, निवासी गांव व डाकघर समोली, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला को गिरफ्तार किया। आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर तीन माह के लिए जिला जेल शिमला भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अंकेश ठाकुर पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त पाया गया है। उसके विरुद्ध पुलिस थाना रोहड़ू में एफआईआर संख्या 118/2023 दिनांक 21 जुलाई 2023 को NDPS Act की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी से करीब 43.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था।
जिला पुलिस शिमला ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी है। पिछले 41 दिनों में 29 आदतन संगठित नशा तस्करों को डिटेंशन आदेश के आधार पर हिरासत में लेकर तीन माह के लिए जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।
जिला पुलिस शिमला नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है, जिससे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके।




