
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) परिसर में सोमवार दोपहर दो छात्र गुटों के बीच हुए झगड़े के दौरान चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक छात्र घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 09 मार्च 2026 को थाना बालूगंज को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि HPU की लॉ फैकल्टी के पास दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने मुकेश कुमार (24 वर्ष), निवासी तीसा जिला चम्बा का बयान धारा 173 बीएनएसएस के तहत दर्ज किया। शिकायतकर्ता के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने साथियों योगराज, धनराज और अमन कुमार के साथ लॉ फैकल्टी परिसर में खड़ा था। इसी दौरान मोहित डोगरा लॉ फैकल्टी के गेट से बाहर आया और अचानक तेजधार चाकू निकालकर उन्हें धमकाने लगा।
आरोप है कि इस दौरान मोहित डोगरा ने धनराज पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और उसके पेट से खून बहने लगा। घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में अभियोग संख्या 40/2026 दिनांक 09.03.2026 को धारा 109 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना बालूगंज की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। घायल छात्र धनराज की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




