
मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने लोक भवन में किया स्वागत; बोले मनोनीत राज्यपाल— “हिमाचल की प्रगति के लिए सबको साथ लेकर करेंगे काम”
IBEX NEWS,शिमला, 10 मार्च: हिमाचल प्रदेश के मनोनीत राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता अपनी धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता के साथ सोमवार सायंकाल राजधानी शिमला पहुंचे। देवभूमि आगमन पर उनका अत्यंत गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। कविन्द्र गुप्ता आज यानी मंगलवार, 10 मार्च 2026 को प्रातः 11:45 बजे हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे।

सत्ता और विपक्ष ने एकजुट होकर किया स्वागत
शिमला स्थित लोक भवन में आयोजित स्वागत समारोह में प्रदेश की समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने संयुक्त रूप से मनोनीत राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कविन्द्र गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, विधायकगण, मुख्य सचिव संजय गुप्ता और पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


“सात महीने में पदोन्नति, बड़ी जिम्मेदारी”
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कविन्द्र गुप्ता ने अपनी नियुक्ति को एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती बताया। उन्होंने कहा:”संभवतः मैं सात महीनों के भीतर इस प्रकार का पदोन्नयन (लद्दाख एलजी से हिमाचल राज्यपाल) प्राप्त करने वाला पहला व्यक्ति हूं। राज्यपाल के रूप में सेवा करना एक गौरव की बात है। हम सब मिलकर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर हिमाचल प्रदेश के बेहतर भविष्य, कल्याण और प्रगति के लिए कार्य करेंगे।”
शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी
राजभवन में आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। यह समारोह राज्य के नेतृत्व और जनता द्वारा नए राज्यपाल के प्रति सद्भावना और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।






