
IBEX NEWS,शिमला:
Shimla Police ने लोक भवन के पास स्थित बिजली स्टेशन से तांबे की तारें चोरी करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया लगभग 1 लाख रुपये का सामान 100 प्रतिशत बरामद कर लिया है।
मामला 1 मार्च 2026 को सामने आया था, जब बिजली विभाग ने Barnes Court स्थित पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई। इस पर Chhota Shimla Police Station में मुकदमा संख्या 22/2026 धारा 331(4), 305, 317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने कबाड़ की दुकानों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसी दौरान रंजीत उर्फ डैनी (निवासी दरभंगा, बिहार, हाल निवासी खलीनी शिमला) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने उसकी गाड़ी से चोरी की गई तांबे की तारें, कॉपर बस बार और कॉपर अर्थ वायर बरामद कर उसे 6 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस चोरी में उसके दो अन्य साथी सोनू सहानी (29) और अजय सहानी उर्फ लनटुन (25) भी शामिल थे। दोनों आरोपियों को पुलिस ने 8 मार्च को कैथलीघाट से दिल्ली की ओर भागते समय गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पहले इलाके की रेकी की और 28 फरवरी की मध्यरात्रि को बिजली स्टेशन से तारें काटकर चोरी की, जिन्हें जंगल के रास्ते सड़क तक लाकर गाड़ी में ले जाया गया।
पुलिस ने इस मामले में चोरी किया गया लगभग 1 लाख रुपये का सामान पूरी तरह बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




