
IBEX NEWS,शिमला
Shimla Police ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को हटाया गया और नियम तोड़ने वालों के चालान भी किए गए।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत Auckland House School क्षेत्र से लेकर Sanjauli थाना क्षेत्र होते हुए Navbahar मार्ग तक सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। कई वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे, जिन्हें मौके से हटाकर संबंधित चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई Motor Vehicles Act, 1988 की धारा 122 और 127 के तहत की गई, जिनके अनुसार किसी भी वाहन को ऐसे स्थान पर पार्क नहीं किया जा सकता जिससे अन्य वाहनों या राहगीरों को असुविधा या खतरा हो। साथ ही Central Motor Vehicles Rules, 1989 के नियम 15 के तहत फुटपाथ, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल, संकरी पुलों, तीखे मोड़ों और “नो पार्किंग” क्षेत्रों में वाहन खड़ा करना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
जिला पुलिस शिमला ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, क्योंकि सड़क किनारे अवैध पार्किंग न केवल यातायात को प्रभावित करती है बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




