
IBEX NEw,शिमला, 11 मार्च।
जिला पुलिस शिमला ने नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए LSD की भारी खेप बरामद की है। पुलिस थाना न्यू शिमला में अभियोग संख्या 14/2026 दिनांक 10.03.2026 के तहत धारा 22 व 29 NDPS Act में मामला दर्ज किया गया है।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने BCS स्थित हिम निवास में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संदीप शर्मा (40) निवासी तहसील धर्मकोट, जिला मोगा, पंजाब और प्रिया शर्मा (26) निवासी गांव ददाहू, जिला सिरमौर के कब्जे से 562 स्ट्रिप्स (स्टैम्प साइज) LSD बरामद की गई, जिसका कुल वजन 11.570 ग्राम है।
पुलिस के अनुसार NDPS Act के तहत LSD की 0.1 ग्राम से अधिक मात्रा को कमर्शियल श्रेणी में रखा गया है, जिसमें 20 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। बरामद की गई LSD की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप शर्मा पिछले लगभग 10 वर्षों से LSD की तस्करी में संलिप्त रहा है। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि उसके खिलाफ पहले भी 33 ग्राम चिट्टे की तस्करी का मामला दर्ज है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
जिला पुलिस शिमला के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक NDPS Act के तहत 73 मामले दर्ज कर 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 12 आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और भारत-नेपाल बॉर्डर से बैकवर्ड लिंक के आधार पर पकड़ा गया है। इसके अलावा पिछले 45 दिनों में PIT NDPS Act के तहत 30 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।




