
शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंजाब के दो तस्करों को 44.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की योजना जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र के युवाओं में नशे की सप्लाई करने की थी, लेकिन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर समय रहते कार्रवाई कर तस्करी की इस खेप को पकड़ लिया।
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला के थाना जुब्बल में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपियों से कुल 44.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह (26) पुत्र श्री गुरमाइज सिंह निवासी गांव डोनेमट्टर, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) तथा अमनप्रीत कौर (29) पत्नी श्री मलकीत सिंह निवासी गांव मत्तर हियार, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी इस चिट्टे की खेप को जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र के युवाओं को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




