
562 स्ट्रिप्स एलएसडी बरामद, व्हाट्सएप के जरिए चलता था ड्रग्स का पूरा नेटवर्क
IBEX NEWS,शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एलएसडी तस्करी से जुड़े एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में केरल के एक ड्रग सप्लायर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना न्यू शिमला में अभियोग संख्या 14/2026 दिनांक 10 मार्च 2026 को धारा 22 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान संदीप शर्मा पुत्र शिव शर्मा निवासी तहसील धर्मकोट जिला मोगा (पंजाब) और प्रिया शर्मा पुत्री अनिल शर्मा निवासी ददाहू जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) के कब्जे से 562 स्ट्रिप्स (स्टैम्प साइज) एलएसडी कुल 11.570 ग्राम बरामद की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सप्लाई चैन को ट्रेस करने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में एलएसडी के सप्लायर की पहचान नविएल हैरिसन पुत्र हैरिसन डी निवासी कालीकट, केरल (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 मार्च 2026 को आरोपी नविएल हैरिसन को गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी नविएल हैरिसन और संदीप शर्मा लंबे समय से संपर्क में थे और एलएसडी की तस्करी कर रहे थे। पुलिस को यह भी पता चला है कि संदीप शर्मा सामान्य फोन कॉल का इस्तेमाल नहीं करता था और केवल व्हाट्सएप के माध्यम से ही संपर्क करता था।
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि संदीप शर्मा द्वारा सप्लायर नविएल हैरिसन को बदले में कैनाबिस (गांजा) भी उपलब्ध कराया जाता था।
पुलिस के अनुसार इस मामले में जांच अभी जारी है और मादक पदार्थों की इस तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
शिमला पुलिस का नशे पर शिकंजा
जिला पुलिस शिमला द्वारा इस वर्ष एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 77 मामले दर्ज कर 144 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 14 आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और भारत-नेपाल बॉर्डर जैसे बाहरी राज्यों से बैकवर्ड लिंकज के आधार पर पकड़ा गया है।
इसके अतिरिक्त पिछले 48 दिनों में PIT NDPS एक्ट के तहत 30 आदतन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।




