
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर मशोबरा में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर नकाबपोश हमलावरों ने पिस्तौल तानकर जानलेवा हमला किया और उनके अपहरण का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में ढली थाना में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार आर्यन चौहान मशोबरा के तारापुर स्थित एक निजी होटल का प्रबंधन देखते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 1:25 बजे जब वह अपनी कार में शिमला की ओर जा रहे थे, तभी एक सफेद रंग की ऑल्टो कार ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि कार से दो नकाबपोश युवक बाहर निकले, जिनमें से एक के हाथ में पिस्तौल और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी।
आरोपियों ने आर्यन चौहान पर पिस्तौल तानकर नकदी की मांग की और गोली मारने की धमकी देते हुए उन्हें काबू करने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से घबराए आर्यन ने अपनी कार को तेजी से पीछे मोड़ने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढलान से जा टकराया। इस दौरान उन्होंने कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई और किसी तरह मौके से भाग निकले। घायल अवस्था में वह वापस होटल पहुंचे, जहां से परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध ऑल्टो कार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम देने की कोशिश की गई। हमलावरों की कार का आंशिक नंबर HP-58 बताया गया है।
पुलिस ने आर्यन चौहान के बयान के आधार पर ढली थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 311, 109, 126(2), 351, 115(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। फिलहाल हमलावर फरार बताए जा रहे हैं।



