
ज्यूरी-सराहन रोड पर मशीनों से 500 लीटर डीजल और उपकरण चोरी, 1.71 लाख का सामान बरामदगी की दिशा में जांच तेज
IBEX NEWS,शिमला, 23 मार्च 2026।
जिला शिमला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए थाना झाकड़ी में दर्ज एक चोरी के मामले में त्वरित सफलता हासिल की है। ज्यूरी-सराहन मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी मशीनरी से डीजल और उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभियोग संख्या 22/2026, दिनांक 20 मार्च 2026, थाना झाकड़ी में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 17/18 मार्च 2026 की मध्यरात्रि को ज्यूरी-सराहन मार्ग पर एक निर्माण कंपनी की खड़ी मशीनों—JCB, पोकलेन, टिप्पर आदि—से अज्ञात चोर करीब 500 लीटर डीजल, 3 ग्रीस गन और अन्य उपकरण चुरा ले गए। चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत 1,71,000 रुपये आंकी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और ज्यूरी, बठारा, घराट तथा मझगांव क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध वाहन और व्यक्ति वारदात के समय क्षेत्र में घूमते पाए गए।
जांच आगे बढ़ने पर शक की सुई गौरव नेगी निवासी गांव सनारसा पर जाकर रुकी, जो पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन सुन्नी क्षेत्र में पाई गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया। इस दौरान यह भी सामने आया कि गौरव नेगी तीन नाबालिग लड़कों के साथ सुन्नी क्षेत्र में चोरी के एक अन्य मामले में भी संलिप्त पाया गया, जहां वह पहले ही संबंधित प्रकरण में पकड़ा जा चुका था।
आगे की कार्रवाई में पुलिस ने 21 मार्च 2026 को आरोपी को जगातखाना (थाचवा) से दस्तयाब कर लिया। आरोपी को विधि अनुसार गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब चोरी गए सामान की बरामदगी, उसके नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जिला शिमला police ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



