
खून के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना में पुरानी रंजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया। शिमला के झाकड़ी क्षेत्र में दो भाइयों के बीच चला आ रहा विवाद उस वक्त खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब छोटे भाई ने शराब के नशे में अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी।
IBEX NEWS,शिमला
शिमला पुलिस ने थाना झाकड़ी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
30 मार्च 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित शमशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो व्यक्ति मृत पाया गया। मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35 वर्ष), निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर और मुंह के पास चोटों तथा खून के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने तुरंत थाना झाकड़ी में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ टीम (SFSL) की मौजूदगी में किया गया और अहम साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए CH सराहन भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद उसकी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह और उसका बड़ा भाई अनिल साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जो इतना उग्र हो गया कि उसने अपने ही भाई की जान ले ली।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गुस्सा और पुरानी दुश्मनी किस तरह अपनों को ही छीन लेती है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।




