
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए समरहिल हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मामले में संलिप्त दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल गिरफ्तारियों की संख्या 5 कर दी गई है।
शिकायतकर्ता अंकित चंदेल द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी 2026 की शाम समरहिल स्थित यूनिवर्सिटी डिस्पेंसरी के समीप SFI से जुड़े कुछ छात्रों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 30/2026 दिनांक 27.02.2026 को धारा 118(1), 191(2), 191(3), 190, 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही इस मामले में तीन आरोपियों—देवराज उर्फ राजेश, विवेक बिरसांटा और अंशुल मिन्हास—को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
मामले की आगे की जांच के दौरान 30/31 मार्च 2026 की रात को पुलिस ने दो और आरोपियों—कमल देव शर्मा (26 वर्ष), निवासी जिला सिरमौर, तथा प्रवेश कुमार (21 वर्ष), निवासी जिला सिरमौर—को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



