
IBEX NEWS,शिमला, 1 अप्रैल — जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र में मानवता और साहस की अनूठी मिसाल सामने आई, जब पुलिस कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सतलुज नदी में कूदकर एक महिला को डूबने से बचा लिया। त्वरित कार्रवाई और अदम्य साहस के चलते महिला को नया जीवन मिल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 मार्च को दोपहर 12 बजकर 59 मिनट पर थाना रामपुर को सूचना मिली कि बजीर बावड़ी पुल के पास एक महिला सतलुज नदी में छलांग लगाने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
जैसे ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, महिला ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव वाली सतलुज नदी में महिला को गिरते देख पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया।
इस दौरान पुलिस टीम के आरक्षी सतपाल ने बहादुरी का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी। तेज धारा के बावजूद उन्होंने महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने भी सहयोग करते हुए महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बचाई गई महिला की पहचान अशोक कुमारी (44), निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। उसे तुरंत उपचार के लिए खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
यह घटना शिमला पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता का जीवंत उदाहरण है। पुलिस के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।



