
IBEX NEWS,शिमला
कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जलोड़ा मोड़, सोजा के पास एक टूरिस्ट वाहन (DL1BC 4958) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे के समय वाहन में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 20 वयस्क और 2 बच्चे शामिल थे। राहत की बात यह रही कि त्वरित बचाव अभियान के चलते 18 लोगों को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में उपचार के लिए पहुंचाया गया। वहीं, इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवाएं, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने सराहनीय कार्य करते हुए कई जिंदगियां बचाईं।
फिलहाल मौके पर सर्च और वेरिफिकेशन ऑपरेशन जारी है। प्रशासन द्वारा घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



