
IBEX NEWS,शिमला/केलांग, 6 अप्रैल।
लाहौल उपमंडल में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब चलती टैक्सी पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर पड़े। घटना पटवार सर्किल कोलोंग के तहत मोसूमा थेतुप कुरकुर (महाल बोक) क्षेत्र में दोपहर करीब 1:20 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैक्सी (HP01KA3006) में चालक दीपक तमांग सहित तीन लोग सवार थे। अचानक हुए पत्थर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सुरक्षित रहा, जबकि यात्री मनोजित सिंह रॉय और उनकी पत्नी पॉलिनी सिंघा घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से दोनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
प्रशासन की अपील
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें। खासकर उन मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी जरूरी है जहां भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका बनी रहती है।



