
IBEX NEWS,शिमला
थाना सुन्नी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड में जिला शिमला पुलिस ने त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले के तीसरे और आखिरी फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिससे केस पूरी तरह सुलझ गया है।
पुलिस के अनुसार, फरार चल रहा आरोपी महेश कुमार चौहान (31 वर्ष) निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश से धर दबोचा। आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और अन्य आरोपियों को भी उसका स्थायी पता नहीं था। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की मदद से उसका लोकेशन ट्रेस कर स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तारी की गई।
अब आरोपी को कुशीनगर की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया जाएगा, जहां उसे आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी
इससे पहले पुलिस टीम ने इस केस में दो अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया था—
- अरुण कुमार राम को 25 मार्च को बिहार से
- बिकेश कुमार को 28 मार्च को नेपाल बॉर्डर (बिहार) से
दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में कैथू जेल, शिमला में बंद हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया था। अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले की गुत्थी पूरी तरह सुलझा ली गई है।कम समय में अंतरराज्यीय स्तर पर ऑपरेशन चलाकर तीनों आरोपियों को पकड़ना शिमला पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



