
प्रशासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस सूचना को ईमेल के माध्यम से सभी पंचायत सचिवों को भेज दिया है, ताकि वे तुरंत इसे जनता के लिए सार्वजनिक कर सकें। इसके अलावा, जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी आरक्षण की पूरी सूची उपलब्ध करवाई जा रही है।
IBEX NEWS,शिमला | 07 अप्रैल, 2026
हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अपने चरम पर हैं। उपायुक्त शिमला, अनुपम कश्यप ने आज एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी करते हुए जिला के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों के लिए ‘प्रधान’ पदों के आरक्षण की स्थिति साफ कर दी है। इस घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और कई संभावित उम्मीदवारों के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।प्रशासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस सूचना को ईमेल के माध्यम से सभी पंचायत सचिवों को भेज दिया है, ताकि वे तुरंत इसे जनता के लिए सार्वजनिक कर सकें। इसके अलावा, जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी आरक्षण की पूरी सूची उपलब्ध करवाई जा रही है।
इन विकास खंडों के लिए जारी हुई सूची
अधिसूचना के अनुसार, जिला शिमला के निम्नलिखित विकास खंडों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में आरक्षण निर्धारित किया गया है:
• बसन्तपुर, मशोबरा, ठियोग, टुटू, छौहारा।
• ननखड़ी, रामपुर, रोहड़ू, चौपाल, कुपवी।
• जुब्बल, कोटखाई और नारकण्डा।
नियमों के तहत हुआ आरक्षण
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह आरक्षण हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 8 और निर्वाचन नियमों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए किया गया है। आरक्षण की विस्तृत सारणी संबंधित खंड विकास कार्यालयों (BDO Offices) और ग्राम पंचायत भवनों के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है।
चुनावी माहौल हुआ गरमाया
जैसे ही आरक्षण की सूची सार्वजनिक हुई, पंचायतों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कई पंचायतों में सीटें महिलाओं या आरक्षित वर्गों के लिए तय होने के बाद अब नए चेहरों की तलाश शुरू हो गई है। वहीं, जो दिग्गज पिछले कई समय से जमीन तैयार कर रहे थे, उनमें से कुछ को आरक्षण के चलते अपने कदम पीछे खींचने पड़ सकते हैं या नए विकल्पों पर विचार करना होगा।




















