
अमित कुमार शर्मा, उपायुक्त किन्नौर ने जारी की अधिसूचना; जिला परिषद के 10 में से 6 वार्ड अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए आरक्षित
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन किन्नौर ने आगामी सामान्य निर्वाचन 2025-26 के लिए जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है। उपायुक्त किन्नौर, अमित कुमार शर्मा द्वारा जारी इन सूचियों के साथ ही जिले के राजनीतिक समीकरण स्पष्ट होने लगे हैं।आरक्षण की इन सूचियों को जिला के सभी खंड विकास कार्यालयों और ग्राम पंचायतों के सूचना पट्टों पर तुरंत चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता को समय रहते इसकी जानकारी मिले ।
अधिसूचना के अनुसार, जिला परिषद किन्नौर के कुल 10 वार्डों में से आधे से अधिक वार्डों की कमान महिलाओं के हाथ में होगी। मूरंग, रिब्बा, सांगला, सापनी, कल्पा और चगांव वार्डों को ‘अनुसूचित जनजाति महिला’ श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं, पूह और खवांगी वार्ड ‘अनुसूचित जनजाति’ (मुक्त) श्रेणी में रखे गए हैं। सुंगरा वार्ड महिला (सामान्य) के लिए आरक्षित है, जबकि मात्र तराण्डा वार्ड ही अनारक्षित (Open) रखा गया है।
पंचायत समिति अध्यक्ष पदों की स्थिति
प्रशासन ने जिले के तीनों विकास खंडों के अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण तय कर दिया है:
• निचार: अनुसूचित जनजाति (ST)
• कल्पा: अनुसूचित जनजाति (महिला)
• पूह: अनुसूचित जनजाति (महिला)
खंड स्तर पर आरक्षण का गणित
• कल्पा ब्लॉक: कुल 15 वार्डों में से पांगी, रकच्छम, थेमगारंग, ब्रुआ, सापनी और किल्वा जैसे वार्ड ST महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। कोठी और खवांगी वार्डों को अनारक्षित रखा गया है।
• पूह ब्लॉक: शलखर, चांगो, लियो और झाबुग वार्ड ST महिलाओं के लिए सुरक्षित हैं। पूह वार्ड को अनारक्षित घोषित किया गया है।
• निचार ब्लॉक: रूपी, छोटा कम्बा, काफनू, निचार और बरी जैसे महत्वपूर्ण वार्ड ST महिलाओं के खाते में गए हैं, जबकि रामणी वार्ड को अनारक्षित रखा गया है।
















