
IBEX NEWS,शिमला
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने सप्लाई चेन तक पहुंच बनाई, बिजनौर से दबोचा गया मुख्य आरोपी
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 53.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करने के साथ-साथ गिरोह के मुख्य सप्लायर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, 26 मार्च 2026 को पुलिस थाना रोहडू को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गुदड़ू मोहल्ला स्थित एक दुकान में अवैध चिट्टा की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान पिन्कू राम (36) निवासी कनेवरा और सुनील पुहारता (24) निवासी शरौंथा के कब्जे से 53.13 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों की जांच के साथ-साथ आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान खुलासा हुआ कि यह पूरा नेटवर्क उत्तर प्रदेश से संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया कि पिन्कू राम, सलमान हैदर नामक व्यक्ति के लिए रोहडू क्षेत्र में चिट्टा तस्करी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, सलमान हैदर पूर्व में रोहडू बाजार में मैकेनिक के रूप में काम कर चुका है और उसी दौरान उसने स्थानीय स्तर पर अपना नेटवर्क तैयार किया। वह पहले भी कई बार चिट्टा सप्लाई कर चुका था, जिसे स्थानीय युवाओं में बेचा जाता था।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर उसे उत्तर प्रदेश भेजा गया। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के आधार पर 11 अप्रैल 2026 को आरोपी सलमान हैदर को जिला बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से चिट्टा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच हर पहलू से जारी है।



