
IBEX NEWS,शिमला, 12 अप्रैल 2026
पुलिस थाना बालूगंज ने चोरी के एक मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज़ तीन दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया है। यह कार्रवाई मुकदमा संख्या 61/2026, दिनांक 08.04.2026, धारा 305(a) बीएनएस के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता श्रीमती राजेश लता निवासी ढैण्डा, टूटू (शिमला) ने पुलिस चौकी जतोग में अपने घर में चोरी होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि वह सुबह ड्यूटी पर गई थीं और शाम करीब 4:30 बजे लौटने पर घर व अलमारी के ताले टूटे पाए। चोरी में लगभग ₹1,00,000 नकद और जेवरात गायब थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति स्पष्ट रूप से नजर आया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों की मदद से आरोपी की पहचान आयुष रान्टा पुत्र अजीत रान्टा निवासी गांव टाऊ, डाकघर थरौला, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, वर्तमान निवासी लोअर टूटू के रूप में की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 11 अप्रैल 2026 को आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
बालूगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है और अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



