
IBEX NEWS,शिमला
सप्ताहांत पर सोलन–शिमला मार्ग पर वाहनों का जबरदस्त दबाव देखने को मिला, लेकिन शिमला पुलिस की चुस्त व्यवस्था के आगे ट्रैफिक भी बेबस नजर आया। 10 से 12 अप्रैल 2026 के बीच हजारों पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही के बावजूद हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारू रहा।
आंकड़े बताते हैं कि 10 अप्रैल को करीब 17,000 वाहन इस मार्ग से गुजरे, जिनमें 7,000 बाहरी राज्यों के थे। 11 अप्रैल को यह संख्या उछलकर 19,000 पहुंच गई, जिसमें 9,000 वाहन अन्य राज्यों से आए। वहीं 12 अप्रैल को शाम 6 बजे तक ही 11,000 वाहन गुजर चुके थे, जिनमें 5,500 बाहरी राज्य के शामिल रहे।
भारी दबाव को देखते हुए पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड पर थी। गजेटेड अधिकारी खुद फील्ड में उतरे, SHO सड़कों पर नजर आए और संवेदनशील पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। लगातार निगरानी और त्वरित एक्शन के चलते पूरे वीकेंड में कहीं भी लंबा जाम नहीं लगा।
नतीजा—पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बिना रुकावट सफर का अनुभव मिला। शिमला पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मजबूत प्लानिंग और ग्राउंड एक्शन से हर चुनौती को काबू किया जा सकता है।




