
स्पेशल सेल की खुफिया सूचना पर दबिश, 6 ग्राम हेरोइन बरामद; कुल्लू के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक सुनियोजित कार्रवाई में दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना वेस्ट के अंतर्गत अभियोग संख्या 64/2026, दिनांक 12.04.2026, धारा 21 व 29 एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम 12 अप्रैल को बुराड़ी, पुराना बस स्टैंड, लक्कड़ बाजार और न्यू आईएसबीटी क्षेत्र में गश्त व खुफिया जानकारी जुटाने में जुटी थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि दो युवक चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर रामपुर की ओर जा रहे हैं और इस समय टूटीकंडी क्रॉसिंग के रेन शेल्टर पर वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर दो युवकों से पूछताछ की, जिन्होंने अपनी पहचान ऋषि ठाकुर (20) पुत्र ताराचंद ठाकुर निवासी तहसील निरमंड, जिला कुल्लू तथा गौरव ठाकुर उर्फ गोलू (19) पुत्र अनिल ठाकुर निवासी तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में बताई।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान ऋषि ठाकुर के पीठू बैग से करीब 6 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। मामले की जांच गहनता से जारी है।



