
गोपालपुर की 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की हत्या से मचा हड़कंप, पुलिस ने 36 वर्षीय आरोपी विकास उर्फ रिशु को दबोचा, कारणों की जांच जारी
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यह सनसनीखेज वारदात गोपालपुर के नैण गांव में सामने आई, जहां अज्ञात कारणों से छात्रा की हत्या कर दी गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में आरोपी विकास उर्फ रिशु (36) को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतका के गांव के समीप का ही निवासी बताया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार, एसएपी और डीएसपी सरकाघाट सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के पीछे की असल वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी को नशे का आदी बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतका सिया एक होनहार छात्रा थी और कॉलेज में सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रही थी। वह छात्र संगठन एसएफआई से भी जुड़ी हुई थी और पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहती थी। परिवार की बात करें तो सिया की दो बहनें हैं—बड़ी बहन बद्दी में नौकरी करती है, जबकि छोटी बहन ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है। पिता सोलन जिले के बद्दी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे प्रदेश में गुस्से का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाएगी।




