
शिमला पुलिस के ‘Zero Tolerance’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, रिहायशी मकान में चल रहा था नशे का काला कारोबार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत जुब्बल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 20 ग्राम से अधिक हेरोइन/चिट्टा बरामद किया तथा महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 अप्रैल को पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत डिटेक्शन सेल, सब-डिवीजन रोहड़ू की टीम गश्त एवं विशेष चैकिंग पर थी। इसी दौरान जुब्बल कैंची के समीप एक विश्वसनीय सूचना मिली कि जुब्बल क्षेत्र के एक मकान के कमरे से हेरोइन की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए ठिकाने पर दबिश दी।
दबिश के दौरान कमरे में मौजूद तीन लोगों—विनय वर्मा (40), पंकज (25) और पूजा (31)—को हिरासत में लिया गया। गवाहों की मौजूदगी में जब कमरे की तलाशी ली गई तो वहां से 20 ग्राम से अधिक हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ आरोपियों के कब्जे में पाया गया, जिसके बाद मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में एफआईआर नंबर 21/2026 के तहत धारा 21, 25 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह कमरा नशे की सप्लाई और बिक्री का सक्रिय ठिकाना बना हुआ था। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा सप्लाई चेन की तह तक पहुंचने में जुट गई है।
जिला शिमला पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशा तस्करों के खिलाफ “Zero Tolerance” नीति के तहत लगातार ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और युवाओं को बर्बाद करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



