
बॉटल स्टोर का शटर तोड़ ₹35 हजार उड़ाए, तकनीकी जांच में खुला राज
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने न्यू शिमला क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी वारदात को अंजाम देते समय पहचान छिपाने के लिए महिलाओं का वेश धारण करते थे, ताकि पुलिस और आम लोगों के संदेह से बच सकें।
मामला थाना न्यू शिमला में अभियोग संख्या 21/2026 के तहत उस समय दर्ज किया गया था, जब शिकायतकर्ता दया राम निवासी कंगनाधार ने पुलिस को बताया कि 08/09 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि को बीसीएस स्थित उनके दया राम बॉटल स्टोर का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना के बाद न्यू शिमला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण, संदिग्धों की मूवमेंट ट्रैकिंग, साक्ष्य संकलन और लगातार फील्ड इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस की सुदृढ़ एवं अथक कार्रवाई के चलते मामले में संलिप्त दो आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में भीष्म सिंह (19) पुत्र भजन सिंह, निवासी जसुई, उपतहसील रोहनाट, जिला सिरमौर शामिल है, जबकि दूसरा आरोपी जुवेनाइल श्रेणी से संबंधित है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
महिला वेश में घूमते थे, ताकि कोई पहचान न सके
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी चोरी से पहले और बाद में महिलाओं के कपड़े पहनकर क्षेत्र में घूमते थे, जिससे स्थानीय लोग उन्हें सामान्य महिला समझें और किसी प्रकार का शक न हो। पुलिस का मानना है कि यह तरीका आरोपियों ने पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनाया।
पहले की चोरी में भी निकली संलिप्तता
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी थाना न्यू शिमला के ही अभियोग संख्या 20/2026 दिनांक 05 अप्रैल 2026 में भी संलिप्त पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस अब उस मामले में भी दोनों के खिलाफ नियमानुसार गिरफ्तारी और आगामी कानूनी कार्रवाई करेगी।
जिला शिमला police ने कहा है कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



