
पूर्व थाना पुलिस की संवेदनशीलता से सकुशल परिजनों से मिली बच्ची
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए एक 10 वर्षीय बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर सराहनीय मानवीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की शाम एक स्थानीय बस का परिचालक एक 10 वर्षीय बच्ची को लेकर पुलिस थाना पूर्व पहुंचा। परिचालक ने पुलिस को बताया कि बच्ची संजौली से बस में अकेली बैठी मिली थी तथा वह घबराई हुई थी और स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही थी।
थाना पूर्व में मौजूद पुलिस कर्मियों ने बच्ची से बेहद प्यार और धैर्य के साथ बात की। कुछ देर की समझाइश और स्नेहपूर्ण पूछताछ के बाद बच्ची ने अपना नाम और क्षेत्र की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने घर का रास्ता पहचानती है।
इसके बाद पूर्व थाना पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को पुलिस सुरक्षा में संजौली ले जाकर बताए गए पते पर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
अपनी मासूम बच्ची को सकुशल देखकर परिजन भावुक हो उठे और शिमला पुलिस की त्वरित, जिम्मेदार तथा मानवीय कार्यवाही के लिए आभार जताया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जिला शिमला पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आमजन विशेषकर बच्चों की सुरक्षा और विश्वास के लिए भी पूरी तरह समर्पित है।



