
नोगली में पुलिस ने रोका वाहन, कई नामी ब्रांड की शराब बरामद
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नोगली क्षेत्र में गश्त के दौरान एक वाहन से विभिन्न ब्रांड की 218 बोतल अवैध शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को थाना रामपुर पुलिस टीम नोगली क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से ट्यूबोर्ग बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज, स्टर्लिंग रिजर्व, सोलन नंबर-1, आइकोनिक व्हाइट, नाटी नंबर-1 और ऊना नंबर-1 समेत कुल 218 बोतल शराब बरामद हुई।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान मुनीश कुमार (24) निवासी शनोग, तहसील करसोग, जिला मंडी तथा संजय कुमार (33) निवासी चिमनी, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई। पुलिस द्वारा शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज एवं परमिट मांगे जाने पर दोनों आरोपी कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिसके बाद थाना रामपुर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अभियोग संख्या 49/2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और किस क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



