
100 में से 98 अंक हासिल कर बनाई प्रदेश में टॉप मेरिट, स्कूल प्रबंधन व जनप्रतिनिधियों ने केक काटकर मनाई खुशी
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के 155 सरकारी स्कूलों को Central Board of Secondary Education से संबद्ध किया गया है। इन विद्यालयों में प्रधानाचार्यों सहित विभिन्न विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति के लिए 22 मार्च को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई थी।
माननीय High Court of Himachal Pradesh की अनुमति के उपरांत शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को परीक्षा परिणाम घोषित किया। घोषित परिणामों में प्रधानाचार्य वर्ग में Balvinder Singh Negi, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 में से 98 अंक अर्जित कर पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में प्रधानाचार्य श्रेणी से केवल तीन अभ्यर्थी ही उत्तीर्ण हुए हैं, जिन्हें मेरिट के आधार पर प्रदेश के 155 CBSE Affiliated Government Schools में नियुक्ति प्रदान की जाएगी। ऐसे में Balvinder Singh Negi का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना किन्नौर जिला सहित सांगला क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला परिसर में इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति, एमसी के जनप्रतिनिधियों तथा स्कूल संरक्षण समिति के सदस्यों ने केक काटकर खुशी का इजहार किया और Balvinder Singh Negi को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के शिक्षा जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने की दिशा में यह परिणाम प्रेरणादायक है तथा इससे क्षेत्र के अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।



